74 किलो गांजा समेत नशे का जखीरा बालको प्लांट में नष्ट, हजारों कैप्सूल-टैबलेट भी किए खाक

ड्रग डिस्पोजल समिति की निगरानी में हुई कार्रवाई, 145 इंजेक्शन, 12 सिरिंज और 11,400 एमएल सिरप का भी नष्टीकरण

कोरबा। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई में जब्त किए गए मादक पदार्थों का बालको प्लांट में नष्टीकरण किया गया। इस दौरान 74.514 किलोग्राम गांजा के साथ हजारों नशीले कैप्सूल, टैबलेट, इंजेक्शन और सिरप को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट कराया गया। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी की मौजूदगी में ड्रग डिस्पोजल समिति की निगरानी में पूरी कार्रवाई संपन्न हुई।

जानकारी के अनुसार, जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज अलग-अलग मामलों में जब्त मादक पदार्थों को नष्ट करने के लिए बालको प्लांट परिसर में कार्रवाई की गई। इसमें 74.514 किलोग्राम गांजा, 4,336 कैप्सूल, 2,315 टैबलेट, 145 इंजेक्शन, 12 सिरिंज और 11,400 एमएल सिरप शामिल थे।


सात थाना क्षेत्रों से जब्त हुआ था नशे का सामान
नष्ट किए गए मादक पदार्थ रजगामार, बालको, कोतवाली, हरदीबाजार, दीपका, बांकीमोंगरा और उरगा सहित जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए थे। जब्त सामग्री का नियमानुसार सुरक्षित निपटान सुनिश्चित करने के लिए ड्रग डिस्पोजल समिति की निगरानी में नष्टीकरण कराया गया।

इस दौरान समिति के अध्यक्ष एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, रक्षित निरीक्षक तथा संबंधित क्षेत्रीय अधिकारी मौजूद रहे। पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न कराई गई।

उल्लेखनीय है कि पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। विभिन्न मामलों में जब्त किए गए नशीले पदार्थों का समय-समय पर नष्टीकरण कर उनका सुरक्षित एवं विधिसम्मत निपटान किया जाता है।