जमानत के नाम पर 2.75 लाख लेने का आरोप, हाईकोर्ट के आदेश में हेरफेर की शिकायत

चीफ जस्टिस के न्यायालय से जारी दूसरे प्रकरण का आदेश बदलकर जमानत दस्तावेज के रूप में पेश करने का आरोप

कोरबा-बिलासपुर। हाईकोर्ट के आदेश की प्रति में कथित हेरफेर कर उसे जमानत के दस्तावेज के रूप में इस्तेमाल करने और जमानत दिलाने के नाम पर 2 लाख 75 हजार रुपए लेने का मामला सामने आया है। कोरबा निवासी विक्रम बग्गा ने कथित अधिवक्ता श्रीकांत सिंह राजपूत के खिलाफ पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर धोखाधड़ी और न्यायालय के आदेश में कूटकरण किए जाने का आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक, श्रीकांत ने हाईकोर्ट के दूसरे प्रकरण के आदेश में कथित बदलाव कर उसे विक्रम के साले हरविंदर सिंह के जमानत मामले से संबंधित दस्तावेज के रूप में पेश किया।

श्रीकांत सिंह राजपूत के खिलाफ इससे पहले नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय के फर्जी हस्ताक्षर और नगर निगम की कथित फर्जी सील का इस्तेमाल कर एक युवक को संविदा नियुक्ति दिलाने का मामला भी सामने आया था। उस मामले में पुलिस जांच जारी है। इसी बीच हाईकोर्ट के आदेश में कथित हेरफेर का दूसरा मामला सामने आने से गंभीर सवाल उठे हैं।

जमानत दिलाने के नाम पर लिए 2.75 लाख रुपए
शिकायतकर्ता विक्रम बग्गा के अनुसार, करीब छह माह पहले उसकी मुलाकात श्रीकांत सिंह राजपूत से हुई थी। विक्रम का साला हरविंदर सिंह धारा 302 के मामले में जेल में निरुद्ध है। इसी दौरान श्रीकांत ने उसकी जमानत कराने का भरोसा दिलाया और इसके लिए अलग-अलग समय पर कुल 2 लाख 75 हजार रुपए लिए। शिकायत में बताया गया है कि करीब 1 लाख 35 हजार रुपए फोन-पे के माध्यम से तथा शेष रकम दोस्त के फोन-पे और नकद के जरिए दी गई।

दूसरे प्रकरण का आदेश बदलकर भेजने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, जमानत की प्रगति पूछने पर श्रीकांत ने हाईकोर्ट के आदेश की एक प्रति व्हाट्सऐप पर भेजी। इस प्रति में हरविंदर सिंह को आवेदक और श्रीकांत सिंह को अधिवक्ता दर्शाया गया था। बाद में आदेश की प्रामाणिकता को लेकर संदेह होने पर विक्रम ने हाईकोर्ट के ऑनलाइन पोर्टल पर प्रकरण की जानकारी जांची।

शिकायतकर्ता का दावा है कि एमसीआरसी (MCRC) क्रमांक 3569/2026 का मूल आदेश 15 जून 2026 का है, जो सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरसीवां थाना क्षेत्र से जुड़े हनुमंतराव टंडन के प्रकरण का है। आरोप है कि मूल आदेश में कथित तौर पर आवेदक और मामले से संबंधित विवरण बदलकर श्रीकांत सिंह का नाम अधिवक्ता के रूप में दर्ज किया गया और इसे हरविंदर सिंह के जमानत प्रकरण से संबंधित बताकर पेश किया गया।

एसपी को शिकायत, जांच के लिए बिलासपुर भेजा गया मामला
विक्रम बग्गा ने 6 नवंबर 2026 को कोरबा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत देकर कथित धोखाधड़ी और न्यायालय के आदेश में कूटकरण के मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के साथ संबंधित दस्तावेज भी प्रस्तुत किए गए हैं।

कोरबा पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से शिकायत को आगे की जांच और कार्रवाई के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर को भेजा गया है। शिकायत में घटनाक्रम से संबंधित स्थान बिलासपुर बताया गया है। हाईकोर्ट के मूल आदेश, कथित बदली गई प्रति और अन्य दस्तावेजों की जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।