कार्तिक पूर्णिमा पर फुटामुड़ा के जनजातीय परिवारों के बीच पहुंचीं लालिमा जायसवाल,बच्चों को कपड़े और बुजुर्ग को मफलर भेंट किया

जनजातीय परिवारों के बीच समय बिताकर साझा की पर्व की खुशियां, सेवा-स्नेह और अपनत्व का दिया संदेश

कोरबा। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर कोरबा जिले के वनांचल ग्राम फुटामुड़ा में सेवा, स्नेह और अपनत्व की पहल देखने को मिली। गौ सेवा गतिविधि छत्तीसगढ़ की प्रांत गौ उत्पाद प्रशिक्षक लालिमा जायसवाल गांव पहुंचीं और जनजातीय परिवारों के बच्चों व बुजुर्गों के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं। उन्होंने बच्चों को कपड़े भेंट किए, वहीं गांव के बुजुर्ग दादा को मफलर पहनाकर सम्मानित किया।

इस दौरान लालिमा जायसवाल ने ग्रामीणों के बीच बैठकर अल्पाहार भी किया। आत्मीय मुलाकात और उपहारों से बच्चों के चेहरों पर मुस्कान खिल उठी, वहीं बुजुर्गों के प्रति सम्मान और अपनत्व का भाव भी प्रकट हुआ।

लालिमा जायसवाल ने कहा कि हर वर्ष बच्चों और बुजुर्गों के बीच पहुंचकर छोटे-छोटे उपहार देने से उन्हें आत्मिक आनंद मिलता है। बच्चों की मुस्कान और बुजुर्गों का स्नेह व आशीर्वाद उनके लिए सबसे बड़ी पूंजी है।

उन्होंने कहा कि समाज में प्रेम, सेवा, सहयोग और अपनत्व की भावना बनाए रखना ऐसे आयोजनों का मूल उद्देश्य है। सेवा का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होता है, जब समाज के अंतिम छोर पर रहने वाले लोगों तक पहुंचकर उनके सुख-दुख में सहभागी बना जाए। कार्तिक पूर्णिमा पर गांव में आयोजित यह आत्मीय पहल इसी भावना को साकार करती नजर आई।