कोरबा। कार्तिक पूर्णिमा पर कोरबा में बुधवार को आस्था और उल्लास का अनूठा नजारा देखने को मिला। पुण्य स्नान और दीपदान के लिए सुबह 4 बजे से ही हसदेव नदी के घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। ब्रह्ममुहूर्त में स्नान के बाद लोगों ने नदी में दीप प्रवाहित किए तो जलधारा पर झिलमिलाते दीपों ने घाटों को रोशन कर दिया। सुबह होते ही मां सर्वमंगला मंदिर में दर्शनार्थियों की कतारें लग गईं।
पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के बाद पर्व का उत्साह पर्यटन स्थलों तक पहुंचा, जहां परिवारों और मित्रों ने पिकनिक के साथ छुट्टी का आनंद लिया।
कार्तिक पूर्णिमा पर नदी स्नान, दान और दीपदान की धार्मिक मान्यता के चलते हसदेव नदी के विभिन्न घाटों पर सुबह से श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। भक्तों ने पवित्र स्नान के बाद दीपदान किया और सुख-समृद्धि की कामना के साथ पूजा-अर्चना की। मां सर्वमंगला मंदिर में भी सुबह से देर तक भक्तों का तांता लगा रहा। शहर के विभिन्न देवालयों में विशेष पूजा-अर्चना हुई, वहीं शिवालयों में भगवान भोलेनाथ का अभिषेक कर श्रद्धालुओं ने परिवार की खुशहाली और मंगलकामना के लिए जलाभिषेक किया।
दीपदान से जगमगाए हसदेव के घाट
ब्रह्ममुहूर्त में नदी तट पर पहुंचे श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद दीप प्रवाहित किए। नदी की जलधारा में तैरते दीपों ने धार्मिक माहौल को और आकर्षक बना दिया। घाटों पर पूजा-पाठ, दीपदान और श्रद्धालुओं की मौजूदगी से कार्तिक पूर्णिमा की परंपरागत छटा दिखाई दी। हसदेव नदी के अलावा अन्य घाटों पर भी सुबह से धार्मिक गतिविधियां जारी रहीं।
पूजा के बाद पर्यटन स्थलों पर लगा जमावड़ा
पर्व पर धार्मिक अनुष्ठानों के बाद लोगों ने परिवार के साथ घूमने और पिकनिक मनाने का रुख किया। सतरेंगा जलाशय, बुका जलविहार, देवपहरी जलप्रपात, मड़वारानी पहाड़ी और कॉफी पॉइंट सहित जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर लोगों की आवाजाही बढ़ गई। परिवारों और मित्रों के समूहों ने प्राकृतिक नजारों के बीच भोजन, मेल-मिलाप और सैर-सपाटे के साथ दिन बिताया।
कार्तिक पूर्णिमा पर सुबह घाटों में स्नान और दीपदान से शुरू हुआ उत्सव दिनभर धार्मिक आस्था, पारिवारिक मेल-मिलाप और पर्यटन के उल्लास में नजर आया। नदी तट से लेकर पर्यटन स्थलों तक पर्व की रौनक बनी रही।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
