बिजली बिल से लेकर कनेक्शन और शिकायतों के लिए दीपका के काट रहे चक्कर; समाजसेवी प्रदीप जायसवाल ने उपमुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
कोरबा। भिलाई बाजार विद्युत वितरण केंद्र में कनिष्ठ अभियंता (जेई) और लिपिक के पद लंबे समय से रिक्त होने से क्षेत्र के 20 से अधिक गांवों के बिजली उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ रही है। बिजली से जुड़ी शिकायतों के निराकरण, बिल संबंधी कार्य, मीटर की समस्या और नए कनेक्शन के लिए ग्रामीणों को दीपका विद्युत केंद्र पर निर्भर रहना पड़ रहा है। समस्या को लेकर समाजसेवी प्रदीप जायसवाल ने उपमुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव को ज्ञापन सौंपकर रिक्त पदों पर तत्काल नियुक्ति की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि भिलाई बाजार विद्युत वितरण केंद्र पर्याप्त मानव संसाधन के अभाव में संचालित हो रहा है। यहां कनिष्ठ अभियंता और लिपिक का पद खाली है। वर्तमान में केवल लाइनमैन का पद भरा हुआ है। ऐसे में केंद्र से जुड़े गांवों के उपभोक्ताओं को सामान्य विभागीय कार्यों के लिए भी दूसरे विद्युत केंद्र का चक्कर लगाना पड़ता है।
छोटे काम के लिए भी दीपका जाना मजबूरी
भिलाई बाजार सहित आसपास के 20 से अधिक गांवों के उपभोक्ता इस केंद्र से जुड़े हैं। अधिकारियों और लिपिकीय कर्मचारियों की कमी के कारण बिजली बिल में सुधार, मीटर संबंधी शिकायत, नए कनेक्शन और अन्य विभागीय कामों के लिए ग्रामीणों को दीपका जाना पड़ता है। इससे उनका समय और पैसा दोनों खर्च हो रहे हैं। स्थानीय स्तर पर समस्याओं का समाधान नहीं होने से उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय स्तर पर समाधान की मांग
प्रदीप जायसवाल ने उपमुख्यमंत्री को सौंपे ज्ञापन में भिलाई बाजार विद्युत वितरण केंद्र में कनिष्ठ अभियंता और लिपिक की शीघ्र पदस्थापना करने की मांग की है। उनका कहना है कि 20 से अधिक गांवों के उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए केंद्र में आवश्यक कर्मचारियों की नियुक्ति जरूरी है, ताकि ग्रामीणों को बिजली संबंधी कार्यों और शिकायतों के समाधान के लिए दूसरे केंद्रों पर निर्भर न रहना पड़े।

Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
