5 लाख के लिए पत्नी को यातना, पति, सास और ननद पर दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज

कोरबा। बालकोनगर पुलिस ने विवाहिता की शिकायत पर दहेज प्रताडऩा की धाराओं में पति राहुल बुंदेला, सास कौशिल्या और ननंद रूकमणी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पीडि़ता का आरोप है कि पति ने 5 लाख के लिए उसे परेशान किया और प्रेमिका को लाकर घर में रख लिया।

विवाहिता ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2019 में सिविल लाइन थानांतर्गत आरपी नगर फेस 2 निवासी राहुल सिंह बुंदेला से विवाह हुआ था। 3 वर्ष तक रिश्ते ठीक रहे फिर पति किसी युवती के संपर्क में आ गया। उसके बाद प्रताडऩा और रुपए मांगने की हरकत शुरू हो गई।

वर्ष 2024 में ससुर की मौत के बाद यातना तेज हो गई और उसे 5 लाख रुपए लाने को कहा गया। विवाहिता ने परिजनों को अवगत कराया तो उन्होंने राहुल को समझाया लेकिन सबकुछ शून्य रहा। पिता की मौत के तीन माह बाद राहुल ने प्रेमिका को घर ले आया।

आरोप है कि पीडि़ता को प्रताडि़त करने में सास व ननद भी साथ देते रहे। विवाहिता ने परिवार परामर्श केंद्र में गुहार लगाई लेकिन काउंसलिंग से भी बात नहीं बनी। जिसके बाद बालको थाना में शिकायत की गई। पुलिस ने तीन लोगों पर बीएनएस की धारा 85 व 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।