रानी रोड में 50 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर दी जान,बेटे की मौत के बाद से थीं दुखी

कोरबा।शहर के पुरानी बस्ती स्थित रानी रोड क्षेत्र में एक 50 वर्षीय महिला का शव घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान गीता तंवर उर्फ गीता बाई के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को नीचे उतरवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला ने अपने घर के सामने वाले कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।

काफी देर तक घर में कोई हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। उन्होंने अंदर जाकर देखा तो महिला का शव फंदे पर लटका हुआ था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

बताया जा रहा है कि करीब दो वर्ष पहले महिला के बेटे का निधन हो गया था। बेटे की मौत के बाद से वह अकेली रह रही थीं। परिजनों और आसपास के लोगों के अनुसार वह बेटे को याद कर अक्सर भावुक और दुखी रहती थीं। दीपावली के दौरान भी उन्होंने बेटे के बिना घर सूना होने और अपनी परेशानियों का जिक्र किया था।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। फिलहाल महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।