15 दिनों के भीतर मरम्मत शुरू कराने की मांग, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने दी तालाबंदी और चक्काजाम की चेतावनी
कोरबा-कोरबी/रानीअटारी। कोरबा से रानीअटारी एसईसीएल विजय वेस्ट तक जाने वाला मुख्य मार्ग बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े और गहरे गड्ढे बन जाने से राहगीरों एवं वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के बीच सड़क की जर्जर हालत दुर्घटनाओं को न्योता दे रही है। इस समस्या को लेकर अब स्थानीय स्तर पर विरोध के स्वर तेज होने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार उक्त मार्ग का रखरखाव एसईसीएल रानीअटारी विजय वेस्ट प्रबंधन के अधीन है। इस सड़क से प्रतिदिन भारी वाहनों का आवागमन होता है, लेकिन नियमित मरम्मत और रखरखाव के अभाव में सड़क की स्थिति लगातार खराब होती चली गई। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाने से दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है।
सड़क की बदहाली को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने शासन-प्रशासन और एसईसीएल प्रबंधन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। पार्टी ने जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अगले 15 दिनों के भीतर सड़क मरम्मत का कार्य शुरू कराने की मांग रखी है। उनका कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र के लोग इस समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं हुई है।
15 दिन बाद आंदोलन की चेतावनी
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित 15 दिनों के भीतर सड़क मरम्मत का कार्य शुरू नहीं कराया गया तो क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ आंदोलन किया जाएगा। इसके तहत एसईसीएल विजय वेस्ट (रानीअटारी) में तालाबंदी अथवा स्टेट हाईवे पर चक्काजाम करने की बात कही गई है।
पार्टी ने कहा है कि सड़क की समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की स्थिति निर्मित होती है तो इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। अब देखना होगा कि एसईसीएल प्रबंधन और संबंधित प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों की मांग पर कितनी जल्दी कार्रवाई करते हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
