बड़े मदनपुर घाट में 30 फीट गहरी खाई में गिरा कारों से भरा कंटेनर, आठ नई कारें क्षतिग्रस्त

कोरबा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़े मदनपुर घाट का तीखा मोड़ एक बार फिर हादसे का कारण बन गया। आठ नई कारों को लेकर अंबिकापुर जा रहा एक कंटेनर अनियंत्रित होकर करीब 30 फीट नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि कंटेनर में लदी सभी आठों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। दुर्घटना में कंटेनर चालक घायल हो गया, हालांकि गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कंटेनर आंध्र प्रदेश से आठ नई कारें लेकर अंबिकापुर स्थित महामाया ऑटो सेंटर जा रहा था। इसी दौरान मोरगा चौकी क्षेत्र के बड़े मदनपुर घाट में तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते भारी-भरकम कंटेनर सड़क से नीचे करीब 30 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद कंटेनर में लदी कारें एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गईं और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

दुर्घटना में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कंटेनर में फंसे चालक को बाहर निकाला और उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। घटना की सूचना मिलते ही मोरगा चौकी प्रभारी मंगतूराम मरकाम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने घायल चालक को अस्पताल पहुंचाने के साथ घटनास्थल पर यातायात व्यवस्था संभाली। वहीं, क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर और उसमें लदी कारों को खाई से बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की गई।

चौकी प्रभारी मंगतूराम मरकाम ने बताया कि घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया गया है तथा हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

बार-बार हादसों के बावजूद सुरक्षा इंतजामों पर सवाल
बड़े मदनपुर घाट का खतरनाक मोड़ पहले भी सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन चुका है। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद यहां पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों की जरूरत महसूस की जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से घाट के खतरनाक मोड़ों पर चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाने, सुरक्षा संबंधी इंतजाम मजबूत करने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।