कोरबा विधानसभा में पौने चार करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन                                   

हर वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता : लखनलाल

कोरबा।कोरबा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से मोतीसागरपारा में विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। उद्योग मंत्री एवं कोरबा विधायक लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य तथा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में लगभग पौने चार करोड़ रुपये के विकास कार्यों की आधारशिला रखी गई।

इस अवसर पर मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि कोरबा विधानसभा के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। सड़क, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सामुदायिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति देकर धरातल पर उतारा जा रहा है। उनका संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग और क्षेत्र तक पहुंचे।

इन क्षेत्रों में होंगे विकास कार्य

भूमिपूजन के तहत वार्ड क्रमांक 7 के धनुहार मोहल्ला में जयसिंह सनवाल के घर से तारा चंद्र श्रीवास के घर तक 7 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण किया जाएगा। वहीं वार्ड क्रमांक 8 के सीतामणी मोतीसागरपारा में 10 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन बनाया जाएगा। इसी वार्ड में पूर्व पार्षद बंशीलाल महिलांगे के घर के सामने से कुष्ठ आश्रम एवं प्राथमिक शाला जाने वाले मुख्य मार्ग पर 8 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण होगा।

बरबसपुर स्थित सीबीडी प्लांट एरिया में 2 करोड़ 85 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड, रिटेनिंग वॉल, बॉक्स कलवर्ट, पीचिंग, बोरवेल, पीएंडएफ तथा हाईमास्ट स्ट्रीट लाइट से संबंधित कार्य कराए जाएंगे।

पेयजल व्यवस्था सुधारने पर भी जोर

पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए वार्ड क्रमांक 10 के वैष्णो दरबार रेलवे लाइन बस्ती में 20 लाख 98 हजार रुपये की लागत से डीआई मुख्य पाइपलाइन को 150 मिमी व्यास की वितरण पाइपलाइन से जोड़ने एवं विस्तार का कार्य किया जाएगा। इसी तरह वार्ड क्रमांक 14 में ओचटी के पीछे से अमरावपारा एवं रेलवे कॉलोनी तक 38 लाख 23 हजार रुपये की लागत से 450 मिमी व्यास की मुख्य पाइपलाइन से वितरण पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इन कार्यों से संबंधित क्षेत्रों में पेयजल के कम दबाव की समस्या दूर करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, पार्षद श्रीमती रूबी देवी सागर सहित अन्य पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।