टीपी नगर में शराब दुकान के पास मिला दर्री निवासी युवक का शव, मचा हड़कंप

कोरबा। शहर के व्यस्त ट्रांसपोर्ट नगर (टीपी नगर) क्षेत्र में शराब दुकान के पास एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान दर्री थाना क्षेत्र के अटल आवास निवासी करीब 40 वर्षीय सुग्रीव रजवार के रूप में हुई है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार सुग्रीव रजवार गैरेज में काम करता था और इसी से अपना जीवनयापन करता था। गुरुवार को टीपी नगर स्थित शराब दुकान के पास उसका शव पड़ा मिला।

आसपास के लोगों की नजर शव पर पड़ी तो क्षेत्र में इसकी खबर फैल गई। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। युवक की अचानक हुई मौत को लेकर स्थानीय स्तर पर कई तरह की चर्चाएं भी होने लगीं।

घटना की सूचना मिलने पर सीएसईबी चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की गई।

मौत की वजह जानने पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल सुग्रीव रजवार की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस इसे लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही युवक की मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।