कोरबा । जिले के रजगामार थाना क्षेत्र के मेंन क्लब के पास 50 वर्षीय रामधन केवट ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही रजगामार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज भेजा।
जानकारी के अनुसार, रामधन केवट अपने पिता केशव केवट की झोपड़ी में पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे के साथ रहता था। वह मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था, लेकिन पिछले कुछ महीनों से उसे काम नहीं मिल रहा था, जिसके कारण वह आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव से जूझ रहा था। इसके चलते वह शराब का आदी हो गया था।
परिजनों के अनुसार, रामधन शराब पीकर अक्सर घर में गाली-गलौज और मारपीट करता था, जिससे परिवार वाले भी परेशान थे। उसे कई बार समझाने की कोशिश की गई, लेकिन वह अपनी आदतों से बाज नहीं आया।
घटना वाले दिन, शुक्रवार की शाम को परिजन पड़ोस में गणेश मूर्ति विसर्जन के लिए गए थे, और रामधन घर पर अकेला था। लौटने पर परिजनों ने उसे फांसी के फंदे पर लटका पाया। इस घटना से परिवार में शोक की लहर है।
बताया जा रहा है कि रामधन कर्ज के बोझ तले भी दबा हुआ था।
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि रजगामार चौकी पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















