कोरबा।दीपका में खननबाग का राजा गणेशोत्सव का तीसरा वर्ष भव्यता के साथ शुरू हो गया है। बुधवार, 27 अगस्त को “टीम चरक धर्म संवाहक” द्वारा आयोजित महाआरती के दौरान खननबाग के राजा के इस साल के स्वरूप की पहली झलक भक्तों को दिखाई गई। जैसे ही बप्पा के दर्शन हुए, पंडाल ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से गूंज उठा।
इस बार के स्वरूप की खासियत
खननबाग के राजा का इस साल का स्वरूप अत्यंत मनमोहक और दिव्य है। बप्पा के हाथ में शंख, सिर पर आकर्षक मुकुट और बैंगनी रंग की धोती ने प्रतिमा को और भी खास बना दिया है। खननबाग सेवा समिति द्वारा हर साल की तरह इस बार भी थीम और सजावट ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
9 दिनों का उत्सव
खननबाग का राजा, दीपका में गणेश चतुर्थी के दौरान स्थापित सार्वजनिक गणेश प्रतिमा, अगले 9 दिनों तक भक्तों को दर्शन देगी। इसके बाद अनंत चतुर्दशी के दिन प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। खननबाग सेवा समिति ने इस उत्सव को कोयलांचल क्षेत्र का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन बताया है।
भक्तों में उत्साह, भीड़ प्रबंधन के विशेष इंतजाम
हर साल गेवरा स्टेडियम में खननबाग के राजा के दर्शन के लिए सैकड़ों श्रद्धालु उमड़ते हैं। इस बार भी भक्तों की भारी भीड़ देखी जा रही है। समिति ने भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं। समिति के एक सदस्य ने कहा, “यह खननबाग के राजा का तीसरा वर्ष है। इस बार की मूर्ति में भक्ति और आस्था का अनोखा भाव है, जो श्रद्धालुओं में विशेष ऊर्जा का संचार कर रहा है।”
गणेशोत्सव की भव्यता
खननबाग सेवा समिति ने इस उत्सव को और भी भव्य बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी। थीम, सजावट और आयोजन की व्यवस्था ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। दीपका नगर अगले 9 दिनों तक गणेशोत्सव के उत्साह और भक्ति के रंग में डूबा रहेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















