कोरबा में काले सांड का आतंक खत्म: नगर निगम की काउकेचर टीम ने मोतीसागर पारा से पकड़कर गोठान भेजा

कोरबा शहर में लोगों पर लगातार हमले कर आतंक का पर्याय बने काले सांड को आज सुबह नगर निगम की काउकेचर टीम ने पकड़ लिया। सांड को मोतीसागर पारा से घेराबंदी कर पकड़ा गया और उसे गोठान भेज दिया गया। इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।

सांड के आतंक से दहशत में थे लोग

शहर के सप्तदेव मंदिर से लेकर पुराना बस स्टैंड तक घूम रहा यह काला सांड कई लोगों पर हमला कर चुका था। इसकी वजह से स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल था। सांड के आतंक की खबर मीडिया में प्रकाशित होने और सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नगर निगम के अधिकारी हरकत में आए।

अधिवक्ता धनेश सिंह की पहल

सांड के आतंक की पहली जानकारी अधिवक्ता धनेश सिंह ने नगर निगम के अधिकारियों को दी थी। उन्होंने बताया कि सांड कई लोगों पर हमला कर चुका है और इसे तत्काल पकड़ने की जरूरत है। धनेश सिंह ने निगम अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखा और सांड के लोकेशन की जानकारी दी।

काउकेचर टीम की कार्रवाई

सुबह नगर निगम की काउकेचर टीम ने धनेश सिंह से मिली जानकारी के आधार पर कार्रवाई शुरू की। जब उन्हें पता चला कि सांड को पिछली रात मोतीसागर पारा में देखा गया था, टीम तुरंत वहां पहुंची। काउकेचर टीम ने सांड को घेरकर पकड़ लिया और उसे सुरक्षित रूप से गोठान भेज दिया।

लोगों ने ली राहत की सांस

सांड के पकड़े जाने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस कार्रवाई से न केवल उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हुई है, बल्कि सड़कों पर आवागमन भी अब सुरक्षित हो गया है। नगर निगम की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है।