पुलिस का पैदल मार्च, नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई

कोरबा। कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से कटघोरा पुलिस ने गुरुवार शाम नगर में व्यापक पैदल मार्च निकाला।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर एवं एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी एम.बी. पटेल पुलिस बल के साथ शहर की सड़कों पर उतरे और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

पुलिस टीम ने न्यू बस स्टैंड,अंबिकापुर मुख्य मार्ग, बिलासपुर मार्ग होते हुए जय स्तंभ चौक तक पैदल भ्रमण किया। इस दौरान यातायात व्यवस्था, संदिग्ध गतिविधियों और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई। बढ़ते भारी वाहनों के दबाव को देखते हुए वाहन चालकों को नगर के भीतर प्रवेश करने के बजाय निर्धारित बायपास मार्ग का उपयोग करने के निर्देश दिए गए, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके।

पैदल मार्च के दौरान न्यू बस स्टैंड क्षेत्र में सड़क किनारे अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों को हटवाया गया और वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़े करने की समझाइश दी गई। पुलिस ने तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने वालों तथा शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान में एसआई राम पांडेय, राजेंद्र प्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक निलेन्द्र सिंह, अनुज सिंह, आरक्षक मनीष खुटे, प्रदीप राठौर सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं जवान शामिल रहे।