ओएनसी और सेंटर पाइंट बार में टूटे नियम, देर रात पुलिस की कार्यवाही

कोरबा।शहर में लगातार बढ़ते अपराधों के बीच देर रात तक बार संचालन और नियमों के उल्लंघन पर कोरबा पुलिस ने सख्ती दिखाई है। शिकायत मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पाम मॉल स्थित ओएनसी बार और सेंटर पॉइंट बार में देर रात आकस्मिक निरीक्षण किया। जांच के दौरान दोनों बार निर्धारित समय के बाद भी संचालित होते मिले, जहां शराब परोसने के साथ पार्टी जारी थी।

पुलिस ने मौके पर आबकारी नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर दोनों बारों के प्रबंधन और स्टाफ को फटकार लगाई।

दोनों बार के मैनेजरों को कोतवाली थाना लाकर पूछताछ की गई और उनके विरुद्ध संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई शुरू की गई।

पुलिस ने बताया कि हाल ही में पाम मॉल स्थित ओएनसी बार से शराब पीकर निकले एक युवक ने अपनी स्कॉर्पियो को मॉल की सीढ़ियों पर चढ़ाने का प्रयास किया था। इस मामले में आरोपी रमन सिंह के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया था। इसके पहले भी ओएनसी बार में नियम उल्लंघन और नशे में हंगामे की घटनाएं सामने आती रही हैं।

एक दिन में अवैध शराब के 23 मामलों में कार्रवाई
पुलिस ने जिलेभर में नशे के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक ही दिन में 161 लीटर अवैध शराब जब्त की। कुल 23 प्रकरण दर्ज किए गए। कई स्थानों पर हाथभट्टी शराब बनाने के अड्डों को नष्ट किया गया तथा शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री और उपकरण भी जब्त किए गए। पुलिस का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब के मामलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।