सिलयारीभाठा में अवैध उर्वरक भंडारण पर कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई,100 बोरी यूरिया जब्त

कोरबा।कृषि विभाग ने उरगा क्षेत्र में अवैध उर्वरक भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सिलयारीभाठा स्थित एक गोदाम से 100 बोरी (करीब 4.5 टन) आईपीएल यूरिया जब्त किया है। शिकायत मिलने पर की गई जांच में संबंधित विक्रेता आवश्यक दस्तावेज और खरीद-बिक्री के वैध बिल प्रस्तुत नहीं कर सका।

उप संचालक कृषि देवेंद्र पाल सिंह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सिलयारीभाठा, उरगा स्थित गोदाम में बड़ी मात्रा में यूरिया का भंडारण पाया गया। जांच के दौरान संबंधित खाद विक्रेता से उर्वरक के क्रय-विक्रय से जुड़े बिल एवं अन्य आवश्यक अभिलेख मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। साथ ही, उर्वरक के भंडारण के उद्देश्य के संबंध में भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

जांच में पाया गया कि श्याम खाद भंडार, उरगा द्वारा अघोषित गोदाम में 100 बोरी आईपीएल यूरिया का अवैध भंडारण किया गया था। इसके बाद कृषि विभाग ने नियमानुसार उर्वरक का नमूना परीक्षण के लिए लिया और संपूर्ण स्टॉक जब्त कर लिया।

विभाग के अनुसार जब्त किए गए उर्वरक को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई पूरी होने तक महावीर अग्रवाल की सुपुर्दगी में रखा गया है। कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि उर्वरकों के अवैध भंडारण और कालाबाजारी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।