पाली के कन्या स्कूल में चोरी: ताला तोड़कर दस्तावेज, साउंड बॉक्स, इंडक्शन और गैस सिलेंडर ले गए चोर

पाली। शासकीय पूर्व माध्यमिक कन्या शाला पाली में अज्ञात चोरों ने स्कूल का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर प्रधान पाठक कक्ष में घुसकर पुराने दस्तावेजों के अलावा ब्लूटूथ साउंड बॉक्स, इंडक्शन और गैस सिलेंडर सहित अन्य सामान ले गए। घटना का खुलासा 29 अगस्त की सुबह स्कूल की भृत्य के पहुंचने पर हुआ।

प्रधान पाठक रीता तांडी (61) ने पाली पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह बिलासपुर के जरहाभाठा से प्रतिदिन पाली स्थित स्कूल आती-जाती हैं। 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवकाश के कारण स्कूल बंद था। अगले दिन 29 अगस्त की सुबह करीब 6:30 बजे स्कूल की भृत्य शिव कुमारी यादव ने फोन कर स्कूल का ताला टूटे होने की सूचना दी।

सूचना मिलते ही प्रधान पाठक स्कूल पहुंचीं। जांच करने पर संस्था प्रमुख कार्यालय का ताला टूटा हुआ मिला। कार्यालय में रखी अलमारी का लॉकर भी क्षतिग्रस्त था। सामानों की जांच करने पर पुराने दस्तावेजों के अलावा ब्लूटूथ साउंड बॉक्स, इंडक्शन (इलेक्ट्रिक हीटर) और एक गैस सिलेंडर गायब मिले।

चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 9 हजार रुपये बताई गई है। स्कूल जैसे शैक्षणिक संस्थान में हुई चोरी की घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच
प्रधान पाठक की शिकायत पर पाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305 और 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस द्वारा स्कूल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।