कोरबा।कोरबा जनपद पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत उरगा में पदस्थ पंचायत सचिव भरत लाल श्रीवास की लगातार अनुपस्थिति ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
पंचायत भवन में सचिव का समय पर उपलब्ध न होना और मुख्यालय से उनकी अनुपस्थिति ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। ग्रामीणों को पंचायत स्तर के कार्यों और सामाजिक कल्याण योजनाओं से संबंधित कार्यों के लिए बार-बार पंचायत भवन के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, सचिव भरत लाल श्रीवास सप्ताह में मुश्किल से एक या दो बार ही पंचायत भवन में नजर आते हैं। वे अपने मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर करतला जनपद की ग्राम पंचायत मुकुंदपुर से आते-जाते हैं और पंचायत भवन में महज एक घंटे बैठकर ताला लगाकर चले जाते हैं। उनकी इस मनमानी कार्यशैली के कारण ग्रामीणों को जन्म-मृत्यु पंजीयन, राशन कार्ड, पेंशन, और अन्य सामाजिक कल्याण कार्यों के लिए बार-बार भटकना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत सचिव की अनुपस्थिति के कारण प्रशासनिक कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। प्रत्येक ग्राम पंचायत में सचिव की नियुक्ति का उद्देश्य ग्राम में प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू रखना और ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है, लेकिन उरगा में स्थिति इसके विपरीत है। ग्रामीणों का कहना है कि सचिव की अनुपस्थिति के कारण उन्हें अपने कार्यों के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है, जिससे उनकी दिनचर्या और आजीविका पर भी असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में तत्काल कार्रवाई की जाए और पंचायत सचिव को नियमित रूप से मुख्यालय में उपस्थित रहकर कार्य करने के निर्देश दिए जाएं। अब यह देखना बाकी है कि इस समाचार के प्रकाशन के बाद जिला प्रशासन इस दिशा में कोई ठोस कदम उठाता है या ग्रामीणों की परेशानी जस की तस बनी रहती है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















