केंदई रेंज में हाथियों का आतंक: ग्रामीण रतजगा कर फसलों को बचाने में जुटे

कोरबा, कोरबी-चोटिया।कोरबा जिले के कटघोरा वन मंडल के केंदई रेंज में पिछले दो सप्ताह से जंगली हाथियों का उत्पात ग्रामीणों के लिए सिरदर्द बना हुआ है। हाथियों की चिंघाड़ से पूरा इलाका थर्रा रहा है, और ग्रामीण अपनी फसलों को बचाने के लिए रात-रात भर जागकर आर-पार की लड़ाई लड़ने को मजबूर हैं। ग्रामीण हाथ में पत्थर, गुलेल, और डंडे लेकर हाथियों को खदेड़ने में जुटे हैं, लेकिन हाथी एक खेत से दूसरे खेत और एक गांव से दूसरे गांव-जंगल की ओर भाग रहे हैं।

मंगलवार रात कोरबी के खजूरपारा मोहल्ले में ग्रामीण पूरी रात हाथियों को भगाने में लगे रहे। महिला, पुरुष, बच्चे, और बुजुर्ग सभी अपनी जान बचाने के लिए स्कूल, आंगनबाड़ी, और निजी पक्के मकानों में शरण ले रहे हैं। हाथियों के लगातार उत्पात से तंग आकर ग्रामीण अपनी फसलों को बचाने के लिए जान जोखिम में डाल रहे हैं।

हाथियों का यह उत्पात न केवल फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है, बल्कि ग्रामीणों के जीवन को भी खतरे में डाल रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है, ताकि हाथियों को जंगल की ओर वापस भेजा जा सके और उनकी फसलों व जीवन की रक्षा हो सके। अब देखना यह है कि प्रशासन और वन विभाग इस समस्या का समाधान करने के लिए क्या कदम उठाते हैं।