त्योहार में शांति व्यवस्था बनाए रखने पुलिस सख्त, आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की दी चेतावनी
कोरबा।दशहरा पर्व के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए कोरबा पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र के 18 गुंडा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों और मारपीट संबंधी मामलों के पूर्व आरोपियों को थाना तलब कर सख्त हिदायत दी। वहीं, शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका के चलते पांच लोगों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, थाना तलब किए गए लोगों को स्पष्ट रूप से समझाइश दी गई कि वे किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त न हों और अपने आचरण में सुधार लाएं। त्योहार के दौरान शांति भंग करने, विवाद करने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

पांच लोगों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पांच लोगों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। उन्हें गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई।
शांतिपूर्ण त्योहार मनाने की अपील
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से दशहरा पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना, चौकी या डायल-112 पर देने का आग्रह किया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















