साइबर सुरक्षा से करियर तक, युवाओं को नई दिशा देगा ‘युवा उड़ान 2026’

22 अक्टूबर को आईटीआई रामपुर में आयोजन, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर होंगे शामिल

कोरबा।छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर युवाओं को विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम का आयोजन 22 अक्टूबर को कोरबा में किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ करियर संबंधी मार्गदर्शन दिया जाएगा, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों को समझते हुए अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ सकें।

कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से आईटीआई रामपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार में आयोजित होगा। इसमें छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर की गरिमामय उपस्थिति रहेगी।

विद्यार्थियों को मिलेगा मार्गदर्शन
‘युवा उड़ान 2026’ में साइबर सुरक्षा और करियर काउंसलिंग प्रमुख विषय होंगे। बदलते डिजिटल परिवेश में साइबर सुरक्षा की जानकारी युवाओं के लिए महत्वपूर्ण है।

वहीं, करियर काउंसलिंग के माध्यम से विद्यार्थियों को भविष्य की संभावनाओं और अपने लक्ष्य के अनुरूप दिशा चुनने के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।

युवाओं से शामिल होने की अपील
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों, आम नागरिकों तथा विद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं की सहभागिता अपेक्षित है। युवा आयोग और जिला प्रशासन कोरबा ने युवाओं एवं नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होकर इसका लाभ लेने की अपील की है।