ड्रोन से निगरानी; ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह
कोरबा।कोरबा वनमंडल के करतला वन परिक्षेत्र अंतर्गत बीट लबेद के ग्राम साजापानी में मंगलवार सुबह हाथियों के झुंड के बीच एक नन्हे हाथी का जन्म हुआ। शावक के जन्म की सूचना मिलते ही वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। मां और नवजात शावक की सुरक्षा के लिए ड्रोन कैमरे से नजर रखी जा रही है। वहीं, आसपास के गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है।
सुबह छह बजे मिली शावक के जन्म की सूचना
वन विभाग के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब छह बजे गश्त और हाथी ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को हाथियों के झुंड में शावक के जन्म की जानकारी मिली। इसके बाद विभागीय अमला तत्काल मौके पर पहुंचा और स्थिति का आकलन कर निगरानी व्यवस्था मजबूत की। वनकर्मी हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि मां और शावक को किसी तरह की परेशानी न हो।
मां और शावक की सुरक्षा पर विशेष ध्यान
नवजात शावक की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग सतर्कता बरत रहा है। ड्रोन कैमरे की मदद से झुंड की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल हाथियों के झुंड को प्राकृतिक वातावरण में बिना किसी बाधा के रहने देना और ग्रामीणों को संभावित खतरे से सुरक्षित रखना प्राथमिकता है।
ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए आसपास के गांवों में मुनादी कराई गई है। ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने, हाथियों के करीब पहुंचने से बचने और झुंड को परेशान नहीं करने की सलाह दी गई है। वन विभाग की निगरानी के बीच क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















