तेज रफ्तार बस ने स्कूटी सवार दो दोस्तों को कुचला,मौके पर मौत

हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार

कोरबा।करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नोनबिर्रा में मंगलवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से जान गंवाने वाले दोनों युवक आपस में मित्र थे। हादसे की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। दशहरे के उल्लास के बीच दो परिवारों की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 5 बजे ग्राम नोनबिर्रा में शुभम गुप्ता (23) और यशवंत गुप्ता (26) स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी गंभीर थी कि दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान नोनबिर्रा के बनियापारा निवासी शुभम गुप्ता और यशवंत गुप्ता के रूप में हुई है।

हादसे के बाद बस समेत चालक फरार
दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर करतला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस दुर्घटना में शामिल बस और उसके चालक की तलाश कर रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है।

गांव में शोक, परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
दो युवकों की एक साथ असमय मौत से नोनबिर्रा के बनियापारा में शोक का माहौल है। त्योहार के अवसर पर जहां घरों में खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं इस हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। गांव में घटना को लेकर दुख और आक्रोश का माहौल है।