कोरबा से पंतोरा तक ई-बस चलाने की मांग, भिलाई बाजार रूट को मिले प्राथमिकता

समाजसेवी प्रदीप जायसवाल ने मुख्यमंत्री और कटघोरा विधायक की अनुशंसा का दिया हवाला, ग्रामीणों और विद्यार्थियों को मिलेगी राहत

भिलाई बाजार/कोरबा। क्षेत्र में सार्वजनिक यात्री परिवहन की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से समाजसेवी प्रदीप जायसवाल ने कोरबा शहर से भिलाई बाजार होते हुए केशला, अखरापाली और पंतोरा तक ई-बस सेवा शुरू करने की मांग उठाई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से आग्रह किया है कि प्रस्तावित बस सेवा के मार्ग में भिलाई बाजार क्षेत्र को शामिल कर नियमित परिचालन की व्यवस्था की जाए।

जायसवाल का कहना है कि इस मार्ग पर ई-बस सेवा शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। खासकर विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और रोजमर्रा के काम से कोरबा आने-जाने वाले यात्रियों को इसका लाभ मिल सकता है। नियमित सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध होने से क्षेत्र के लोगों की यात्रा अधिक सुगम हो सकेगी।

मुख्यमंत्री और विधायक की अनुशंसा का हवाला
प्रदीप जायसवाल ने बताया कि इस मांग के संबंध में मुख्यमंत्री और कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक की अनुशंसा प्राप्त है। उन्होंने उम्मीद जताई कि संबंधित विभाग और अधिकारी इस विषय पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए भिलाई बाजार रूट को ई-बस सेवा से जोड़ने की पहल करेंगे।

उन्होंने यात्री सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए मार्ग का परीक्षण कर नियमित बस संचालन की व्यवस्था करने का आग्रह किया है, ताकि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके।