पोड़ी-उपरोड़ा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और लोक निर्माण विभाग की लापरवाही ग्रामीणों के लिए मुसीबत का कारण बन गई है। पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक के सरमा से सुखरी ताल, हरदेवा, बर्रा, बेतलो, सासिन, जटगा को जोड़ने वाला मुख्य सड़क मार्ग पूरी तरह जर्जर हो गया है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो गई है।
ग्राम पंचायत पनगवां से सरमा को जोड़ने वाले बकाई नाला पुल के दोनों ओर की साइड वॉल बह जाने से पुल की हालत खतरनाक हो गई है। वहीं हरदेवा मार्ग बड़े तालाब की तरह बन गया है, जिससे स्कूली बच्चों और आम लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
ग्राम सरमा के सरपंच, हरदेवा निवासी संजय कुमार और अन्य ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क की मरम्मत कराने के लिए कई बार आवेदन दिया गया। सुशासन तिहार और जिला जनदर्शन में भी शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों के अनुसार, इस सड़क का निर्माण वर्ष 2006-07 में हुआ था और तब से अब तक इसकी ठीक से मरम्मत नहीं हुई। करीब 5 किलोमीटर का हिस्सा इतना खराब है कि बरसात में वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। गड्ढों में पानी भरने से यह सड़क तालाब जैसी हो गई है, जिसमें आए दिन बाइक चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
स्कूली छात्र-छात्राओं को रोजाना इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है, जिससे उनकी सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। सरपंच ने बताया कि हालात से मजबूर होकर उन्होंने खुद वाहन और मुरुम की व्यवस्था कर बड़े गड्ढों को भरवाया, लेकिन यह सिर्फ अस्थायी उपाय है। यदि लोक निर्माण विभाग जल्द मरम्मत नहीं कराता, तो आने वाले दिनों में मार्ग पूरी तरह से बंद हो जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















