कटघोरा वनमंडल में हाथियों का उत्पात, मक्का और धान की फसलों को पहुंचाया नुकसान

कोरबा। कटघोरा वनमंडल में हाथियों के झुंड ने एक बार फिर किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। वन अमले के तमाम प्रयासों के बावजूद 10 हाथियों का दल पसान रेंज के जल्के सर्किल से होते हुए केंदई रेंज के सिरमिना सर्किल के दर्रीपारा गांव पहुंच गया है। इस दल ने पसान रेंज के माझापारा में धान और मक्का की फसलों को तहस-नहस कर दिया।

हाथियों ने माझापारा के खेतों में जमकर उत्पात मचाया और सुबह होने से पहले जंगल की ओर लौट गए। जंगल के रास्ते केंदई रेंज की सीमा में प्रवेश कर दर्रीपारा में डेरा डाल लिया।

वन विभाग को आशंका है कि यह दल साल्हीपहाड़ की ओर बढ़ सकता है, जहां पहले से ही 44 हाथियों का झुंड मौजूद है। तीन दिन पहले साल्हीपहाड़ में विचरण कर रहे इस बड़े दल से 10 हाथी अलग होकर पसान रेंज पहुंचे थे, जहां इन्होंने लगातार फसलों को नुकसान पहुंचाया।

स्थानीय ग्रामीण फसलों के नुकसान से परेशान हैं और वन विभाग से उत्पात रोकने की मांग कर रहे हैं। वन अमले की नाकामी से क्षेत्र में चिंता बढ़ रही है।