कोरबा जिले के पाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बुड़बुड़ के सरकारीपारा में स्थापित शहीद वीर नारायण सिंह की मूर्ति को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा तोड़ने का मामला सामने आया है। इस घटना से स्थानीय बिंझवार समाज में भारी नाराजगी देखी जा रही है। समाज की ओर से पाली थाना में शिकायत दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2017 में स्थापित इस मूर्ति को 14 अगस्त 2025 की रात कुछ शरारती तत्वों ने खंडित कर नुकसान पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दो दिन पहले मुकदमा दर्ज किया है। बिंझवार समाज ने आरोपियों की शीघ्र पहचान और कार्रवाई की मांग की है।
शहीद वीर नारायण सिंह छत्तीसगढ़ के एक महान स्वतंत्रता सेनानी थे, जिनकी वीरगाथा को न केवल स्थानीय लोग सम्मान देते हैं, बल्कि इसे पाठ्य पुस्तकों में भी शामिल किया गया है। उनकी मूर्ति को तोड़े जाने की घटना ने क्षेत्र में तनाव पैदा कर दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का आश्वासन दिया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

