पटवारी संघ ने स्थगित किया ऑनलाइन कार्य बहिष्कार, राजस्व निरीक्षकों का आंदोलन जारी

कोरबा। जिले में पटवारी संघ ने राजस्व मंत्री के साथ चर्चा के बाद ऑनलाइन कार्यों के बहिष्कार को स्थगित कर दिया है। सोमवार, 25 अगस्त से पटवारी अपने सभी ऑनलाइन कार्य शुरू करेंगे। इसकी जानकारी पटवारी संघ ने दी।

पटवारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने राजस्व मंत्री से मुलाकात कर ऑनलाइन कार्यों में संसाधनों की कमी से होने वाली समस्याओं को उठाया। उन्होंने इंटरनेट कनेक्शन, कंप्यूटर और अन्य जरूरी सुविधाओं की मांग की। राजस्व मंत्री ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए पटवारियों को ऑनलाइन कार्य के लिए प्रतिमाह 850 रुपये देने पर सहमति जताई। इसके बाद संघ ने बहिष्कार स्थगित करने का फैसला लिया।

अब पटवारी नक्शे का बंटाकन, राजस्व न्यायालयों के लिए प्रतिवेदन और अन्य ऑनलाइन कार्य करेंगे। इससे पहले, संसाधनों की कमी को लेकर पटवारी संघ ने ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार किया था।

राजस्व निरीक्षकों का आंदोलन जारी
दूसरी ओर, राजस्व निरीक्षकों का ऑनलाइन कार्य बहिष्कार अभी भी जारी है। निरीक्षकों का कहना है कि तहसीलदार, नायब तहसीलदार और पटवारियों को दी गई सुविधाएं उन्हें भी मिलनी चाहिए। फिलहाल, राजस्व निरीक्षक ऑफलाइन कार्य कर रहे हैं, लेकिन ऑनलाइन कार्यों से दूरी बनाए हुए हैं।