छुरीकला में पेयजल संकट, दो-तीन दिन के अंतराल में हो रही पानी की आपूर्ति

कोरबा-छुरीकला। छुरीकला नगर के कई वार्डों में महीनों से पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। भाद्रपद माह में, जब जिले में जल स्तर की कोई कमी नहीं है, तब भी लोगों को पानी के लिए जूझना पड़ रहा है। विशेष रूप से वार्ड क्रमांक 4 और 5 में पिछले एक सप्ताह से जल आपूर्ति पूरी तरह ठप है, जिसके चलते निवासियों को दूर से पानी लाना पड़ रहा है।

चुनाव के बाद से यह समस्या पूरे नगर में बढ़ गई है। कई वार्डों में दो से तीन दिन के अंतराल में ही पानी की आपूर्ति हो रही है, जिससे लोगों को कई दिनों तक स्टोर किया हुआ पानी उपयोग करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले ऐसी स्थिति में टैंकर से पानी की आपूर्ति की जाती थी, लेकिन अब यह व्यवस्था भी नहीं हो रही। गर्मी के बाद बारिश के मौसम में भी पेयजल संकट बना हुआ है।

नागरिकों ने मांग की है कि नगर पंचायत और जिला प्रशासन इस समस्या पर तत्काल ध्यान दे और इसका स्थायी समाधान सुनिश्चित करे।