पं. विजय शंकर मेहता की श्रीमद् भागवत कथा शुरू, भव्य शोभायात्रा निकली

कोरबा। मातनहेलिया परिवार के तत्वावधान में कथा वाचक और जीवन प्रबंधन गुरु पं. विजय शंकर मेहता द्वारा 24 अगस्त से जश्न रिसॉर्ट में श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन शुरू हुआ।

कथा के शुभारंभ से पूर्व श्याम मंदिर से जश्न रिसॉर्ट तक एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें आयोजक परिवार और स्थानीय लोग उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

शोभायात्रा के दौरान पं. मेहता का पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया गया और उन्हें रथ पर विराजमान कराया गया। यात्रा श्याम मंदिर से दर्री रोड होते हुए जश्न रिसॉर्ट पहुंची। वहां मातनहेलिया परिवार के मुखिया राजबीर प्रसाद अग्रवाल ने सपत्नीक ब्यास पीठ को सिर पर रखकर कथा स्थल तक पहुंचाया। इसके बाद श्रीमद् भागवत गीता की पूजा-अर्चना कर ब्यास पीठ स्थापित की गई। पहले दिन की कथा में पं. मेहता ने श्रीमद्भागवत महात्म्य, आत्मदेय प्रसंग और महाभारत प्रसंग का व्याख्यान किया।

आयोजकों ने सभी को कथा में शामिल होकर पुण्य लाभ और जीवन प्रबंधन के गुर सीखने के लिए जश्न रिसॉर्ट में सादर आमंत्रित किया है। कथा प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शुरू होगी और 31 अगस्त को हवन-पूजन के साथ समापन होगा।