26 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, मोटरसाइकिल जब्त

कोरबा।कोरबा जिले की कोरबी चौकी पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दिनेश कोर्राम को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 26.42 लीटर अंग्रेजी शराब और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

यह कार्रवाई आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत दर्ज अपराध क्रमांक 163/2025 के अंतर्गत की गई।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पाली निवासी दिनेश, पिता वीर सिंह, मोटरसाइकिल से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब का परिवहन करने वाला है। इस आधार पर पुलिस ने दुल्लापुर चौक के पास पेपर कुंडा मार्ग पर नाकेबंदी की। तलाशी के दौरान दिनेश के पास 149 कांच की शीशियों में 180 मिलीलीटर की क्षमता वाली अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसका कुल आयतन 26.42 लीटर था।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि यह शराब मध्यप्रदेश में निर्मित है और तस्करी के उद्देश्य से लाई जा रही थी।

आरोपी दिनेश वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके चलते शराब और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।