लोनर हाथी का उत्पात जारी, ग्रामीण का मकान तोड़ा

दीवार गिरने से दीवान समेत घरेलू सामान क्षतिग्रस्त, कुदमुरा में दो दंतैलों ने पांच किसानों की धान की फसल रौंदी

कोरबा। जिले के एतमा नगर रेंज में लोनर हाथी का उत्पात लगातार जारी है। अब तक कटमोरगा गांव में खेत और बाड़ी में नुकसान पहुंचा रहा लोनर हाथी बीती रात बुका गांव पहुंच गया। यहां हाथी ने ग्रामीण सुखलाल पिता बंधन के कच्चे मकान को निशाना बनाते हुए क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथी के हमले से मकान की दीवार गिर गई, जिससे घर के अंदर रखा दीवान और अन्य घरेलू सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पीड़ित ग्रामीण की सूचना पर वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और नुकसान का आकलन शुरू किया। वन विभाग ने लोनर हाथी की निगरानी बढ़ा दी है।

मुनादी कर ग्रामीणों को किया जा रहा सतर्क
बुका और आसपास के गांवों में वन विभाग द्वारा मुनादी कराकर ग्रामीणों को सावधान किया जा रहा है। ग्रामीणों से हाथी की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में जाने से बचने और सतर्क रहने की अपील की गई है। वन अमला हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।

कुदमुरा में दो दंतैलों का उत्पात
इधर कोरबा वनमंडल के कुदमुरा वन परिक्षेत्र में भी दो दंतैल हाथियों का उत्पात जारी है। बीती रात हाथियों ने चचिया गांव में पहुंचकर पांच ग्रामीणों के खेतों में लगी धान की फसल को रौंद दिया। इससे संबंधित किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है।

लगातार हाथियों की आवाजाही से वनांचल के ग्रामीणों में जान-माल और फसल की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। वन विभाग की टीमें हाथियों की निगरानी के साथ प्रभावित क्षेत्रों में ग्रामीणों को सतर्क कर रही हैं।