कोरबा। शहर के कुसमुंडा मार्ग पर रविवार को व्यापारियों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया, जिसने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की नाकामी को उजागर कर दिया। गड्ढों से भरी फोरलेन सड़क पर जमा बारिश के गंदे पानी में व्यापारियों ने स्नान कर व्यवस्था पर करारा तंज कसा।
यह नजारा किसी तालाब का नहीं, बल्कि कुसमुंडा जाने वाली प्रमुख सड़क का है, जो अब तालाब में तब्दील हो चुकी है।
पिछले एक दशक से इस सड़क की मरम्मत और फोरलेन निर्माण के नाम पर सिर्फ वादे हुए, लेकिन स्थिति जस की तस है। इमलीछापर चौक और चर्च कॉम्प्लेक्स के पास सड़क पूरी तरह गड्ढों में बदल चुकी है। व्यापारियों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद न तो कोई अधिकारी मौके पर पहुंचा और न ही जनप्रतिनिधियों ने सुध ली।
मौत का जाल बनी 100 मीटर सड़क
विकास नगर कुसमुंडा फोरलेन का करीब 100 मीटर हिस्सा पानी से लबालब है, जो अब तालाब जैसा दिखता है। इस सड़क पर चलना हादसे को न्योता देना है। रोजाना SECL खदानों से निकलने वाले 200 से अधिक भारी ट्रक इस रास्ते से गुजरते हैं, जिससे गड्ढे और गहरे हो गए हैं।
व्यापारियों की रोजी-रोटी पर संकट
व्यापारियों का आरोप है कि प्रशासन की उदासीनता ने उनकी रोजी-रोटी छीन ली है। दुकानों के सामने तालाबनुमा गड्ढों के कारण ग्राहक आना बंद हो गए हैं। मजबूरन उन्होंने गंदे पानी में स्नान कर प्रशासन को “शर्म करो, काम करो” का संदेश दिया।
कब जागेगा प्रशासन?
यह प्रदर्शन प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के लिए चुनौती है। सवाल यह है कि क्या अब जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई करेंगे, या यह सड़क यूं ही मौत और मुसीबत का कारण बनी रहेगी?
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















