रायगढ़। नाबार्ड योजना के नाम पर 6 करोड़ का फर्जी प्रोजेक्ट दिलाने का झांसा देकर जांजगीर-चांपा की एक महिला से 50 लाख रुपये की ठगी के मामले में रायगढ़ पुलिस ने दूसरा फरार सह-आरोपी सुदीप मंडल को भी गिरफ्तार कर लिया है।
मुख्य आरोपी रंजीत चौहान को पुलिस पहले ही मई में गिरफ्तार कर चुकी थी। यह मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा के ग्राम खोखरी की अनिता साहू (40) महानदी एग्रो फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी की संचालिका हैं, जो किसानों को खाद, बीज और दवाइयां बेचती है। रायगढ़ के डूमरपाली निवासी रंजीत चौहान (29) और सुदीप मंडल (40) ने अनिता को नाबार्ड योजना के तहत 6 करोड़ का प्रोजेक्ट दिलाने का भरोसा दिलाया।
रंजीत ने 50 लाख रुपये असीम कृपा फाउंडेशन, बोईरदादर के खाते में जमा करने को कहा। अनिता को भरोसा दिलाने के लिए रंजीत ने 15 नवंबर 2025 का 50 लाख का फर्जी चेक दिया। विश्वास में आकर अनिता ने 27 लाख रुपये किश्तों में और 23 लाख रुपये नकद फाउंडेशन के कार्यालय में जमा किए।
जब अनिता ने चेक भुनाने की कोशिश की, तो पता चला कि खाता बंद है और कोई राशि उपलब्ध नहीं है। रंजीत और सुदीप से संपर्क करने की कोशिश नाकाम रही, और जांच में पता चला कि दोनों ने धोखाधड़ी की है।
अनिता ने चक्रधर नगर थाने में शिकायत दर्ज की, जिसके बाद पुलिस ने मई में रंजीत चौहान को गिरफ्तार किया था। अब फरार सह-आरोपी सुदीप मंडल की गिरफ्तारी के साथ पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















