ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, तीन गिरफ्तार, 20 लाख की सामग्री जब्त                              

रायपुर।रायपुर पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना गंज क्षेत्र के देवेंद्र नगर ओवरब्रिज के नीचे रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क पर मुखबिर की सूचना पर की गई घेराबंदी में पुलिस ने 27.58 ग्राम एमडीएमए (ड्रग्स), एक सोनेट कार, 85,300 रुपये नगद, तौल मशीन और 5 मोबाइल फोन जब्त किए।

जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हर्ष आहूजा (23 वर्ष, कटोरा तालाब, रायपुर), मोनू विश्नोई (29 वर्ष, नंथला, हिसार, हरियाणा) और दीप धनोरिया (41 वर्ष, समृद्धि फ्लैट, खम्हारडीह, रायपुर) के रूप में हुई है।

पुलिस ने एक सोनेट कार की तलाशी के दौरान तीनों के पास से ड्रग्स बरामद किया। पूछताछ में मोनू विश्नोई ने खुलासा किया कि वह दिल्ली से एमडीएमए लेकर रायपुर आया था और इसे हर्ष आहूजा व दीप धनोरिया को सप्लाई करने वाला था। ड्रग्स की मांग रायपुर की एक स्थानीय महिला ने की थी।आरोपियों के खिलाफ थाना गंज में अपराध क्रमांक 222/25, धारा 21(सी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अब सप्लाई चेन और अन्य संलिप्त लोगों का पता लगाने के लिए फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच कर रही है।इस कार्रवाई में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

ऑपरेशन का नेतृत्व एएसपी शहर लखन पटले, एएसपी क्राइम संदीप मित्तल, डीएसपी क्राइम संजय सिंह और सीएसपी कोतवाली केशरी नंदन नायक के मार्गदर्शन में किया गया।