कोरबा-दीपका।साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) दीपका क्षेत्र के तहत कार्यरत ठेका कंपनी जय अम्बे रोडलाइंस पर ड्राइवरों ने न्यूनतम वेतन से कम भुगतान, हाई पावर कमेटी (HPC) रेट न देने और एक सप्ताह के लिए कार्य निलंबन जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
इसके विरोध में ड्राइवरों ने SECL के मुख्य महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपा और 28 अगस्त 2025 को दीपका खदान में कार्य बाधित करने तथा SECL कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी है।
ड्राइवरों ने बताया कि कंपनी के जनरल मैनेजर विकास प्रताप सिंह, कंचन यादव और चार गनमैन ने उनके साथ गाली-गलौज, अपमान और बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसकी शिकायत दीपका थाना और SECL प्रबंधन को की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ड्राइवरों का कहना है कि निलंबन और कम वेतन ने उनकी आजीविका को संकट में डाल दिया है।
ड्राइवरों की मांगें
ड्राइवरों ने ज्ञापन में निम्नलिखित मांगें रखी हैं:
सभी ड्राइवरों को निर्धारित न्यूनतम वेतन और HPC रेट का तत्काल भुगतान।
एक सप्ताह के कार्य निलंबन को तुरंत रद्द कर काम पर वापसी।
गाली-गलौज और धमकी देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई।
कार्यस्थल पर सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल।
उमागोपाल ने ड्राइवरों का समर्थन करते हुए कंपनी को गुंडागर्दी बंद करने और सम्मानजनक व्यवहार की हिदायत दी। ड्राइवरों ने चेतावनी दी कि मांगें न पूरी होने पर 28 अगस्त को खदान कार्य बाधित होगा और SECL कार्यालय का घेराव किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी कंपनी और SECL प्रबंधन की होगी।
ज्ञापन की प्रतिलिपि संबंधित अधिकारियों को भेजी गई
ज्ञापन की प्रतिलिपि SECL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) बिलासपुर, जिला कलेक्टर कोरबा, पुलिस अधीक्षक कोरबा, थाना प्रभारी दीपका, श्रम आयुक्त रायपुर और कोल इंडिया लिमिटेड कोलकाता को भेजी गई है।
स्थानीय समुदाय और कर्मचारी संगठनों ने ड्राइवरों के समर्थन में आवाज उठाई और कंपनी के रवैये की निंदा की। जय अम्बे रोडलाइंस और SECL प्रबंधन से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। पुलिस और SECL प्रशासन से निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है।

Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















