जन्माष्टमी से पहले 3 सितंबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा

यादव समाज ने की तैयारियों की समीक्षा, एकजुटता के साथ आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान

कोरबा।भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पूर्व 3 सितंबर को सर्व यादव समाज, जिला कोरबा के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा एवं रैली का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों और रूपरेखा को लेकर कुसमुंडा क्षेत्र के विकास नगर में समाज की योजना बैठक आयोजित की गई। बैठक में पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता का आह्वान किया।

बैठक जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक-6 विनोद यादव के संयोजन तथा प्रदेश संरक्षक कमलेश यादव के मार्गदर्शन में हुई। इस दौरान युवा जिला अध्यक्ष रंजू यादव ने शोभायात्रा एवं रैली की कार्यक्रम रूपरेखा विस्तार से रखी।

जिला कार्यकारी अध्यक्ष सुखीराम यादव ने समाज के सभी सदस्यों से तन-मन-धन से सहयोग करने की अपील की। प्रदेश महामंत्री संतोष यादव ने ऐतिहासिक एवं पौराणिक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए यादव समाज के योगदान पर प्रकाश डाला और सभी से एकजुट होकर आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया।

अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने पर जोर

जिला पंचायत सदस्य विनोद यादव ने समाजजनों से अपने-अपने क्षेत्रों में शोभायात्रा और रैली का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा बड़ी संख्या में लोगों को इसमें शामिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता से आयोजन को भव्य स्वरूप दिया जा सकता है।

प्रदेश संरक्षक कमलेश यादव ने समाज को विभाजित करने के प्रयासों को नाकाम करते हुए एकजुटता का परिचय देने की अपील की। उन्होंने ‘एक यादव, एक माधव’ के संदेश को चरितार्थ करते हुए जन्माष्टमी आयोजन को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का आह्वान किया।

बैठक में हीरालाल यादव, प्रभु यादव, रघुनंदन यादव, राधेलाल यादव, महेंद्र यादव, एल्डरमैन देवनारायण यादव, भरत यादव, कन्हैया यादव एवं माधुरी यादव सहित समाज के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।