जिला जेल में भी गूंजा रक्षाबंधन का स्नेह, बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधा रक्षासूत्र

कोरबा।भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन जिला जेल कोरबा में भी आत्मीयता और भावुक माहौल के बीच मनाया गया। जेलर अमितेश साहू के मार्गदर्शन में जेल प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा व्यवस्था के तहत रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस दौरान बहनों ने जेल में निरुद्ध अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके सुखद, स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान अर्चना उपाध्याय ने 15 भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने भाइयों को नशे से दूर रहने, अच्छे आचरण को अपनाने और समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सकारात्मक जीवन जीने के लिए प्रेरित किया।

राखी बंधवाने वाले भाइयों ने भी बहनों के प्रति सम्मान और स्नेह व्यक्त किया तथा भविष्य में अपने जीवन को बेहतर बनाने और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प लिया। इस दौरान जेल परिसर में भावुक एवं आत्मीय वातावरण देखने को मिला।

पारिवारिक और सामाजिक मूल्यों को मजबूत करने की पहल
जेल प्रशासन के अनुसार ऐसे आयोजन बंदियों को उनके पारिवारिक एवं सामाजिक दायित्वों से जोड़ने के साथ उनमें सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रक्षाबंधन के माध्यम से भाई-बहन के रिश्ते की भावनात्मक मजबूती का अहसास बंदियों तक पहुंचा और उन्हें समाज की मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरणा मिली।

सुरक्षा के बीच हुआ आयोजन
रक्षाबंधन को लेकर जिला जेल प्रबंधन द्वारा विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। बाहर से आने वाली राखी एवं अन्य सामग्रियों की निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच की गई, जिसके बाद ही उन्हें जेल परिसर के भीतर ले जाने की अनुमति दी गई। सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

रक्षाबंधन के इस आयोजन ने जिला जेल परिसर में भाईचारे, पारिवारिक स्नेह और सकारात्मक जीवन की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।