सप्तदेव मंदिर में धूमधाम से मनेगी जन्माष्टमी, तैयारियां शुरू

कोरबा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर सप्तदेव मंदिर कोरबा में तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी 4 सितंबर को जन्माष्टमी उत्सव हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। मंदिर परिसर में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और जीवन के प्रमुख प्रसंगों पर आधारित आकर्षक चलायमान झांकियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

विशाल पंडालों में भगवान श्रीकृष्ण का कारागार में जन्म, वासुदेव द्वारा यमुना पार कर उन्हें गोकुल पहुंचाना, बकासुर वध, कालियानाग मर्दन और गोवर्धन पर्वत धारण सहित विभिन्न प्रसंगों को जीवंत स्वरूप दिया जा रहा है। श्रद्धालु इन आकर्षक झांकियों का दर्शन 4 सितंबर को शाम 6 बजे से रात 12.30 बजे तक कर सकेंगे।

बच्चों के लिए होंगी विशेष प्रतियोगिताएं

जन्माष्टमी उत्सव के तहत धार्मिक आयोजनों के साथ बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। 3 सितंबर को दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक ‘लड्डू गोपाल सजाओ प्रतियोगिता’ होगी। वहीं 4 सितंबर को दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक 0 से 10 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए ‘श्रीकृष्ण बनो प्रतियोगिता’ आयोजित की जाएगी।

4 सितंबर को विश्व हिंदू परिषद का स्थापना दिवस भी मनाया जाएगा। शाम 8 से रात 11 बजे तक शुभम गोयल द्वारा भजन-कीर्तन की प्रस्तुति दी जाएगी।

आधी रात होगा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव विधि-विधान और भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना, भव्य आतिशबाजी और प्रसाद वितरण किया जाएगा। मंदिर परिसर में जन्मोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

धार्मिक सामग्री भी रहेगी उपलब्ध

मंदिर परिसर स्थित आदर्श सेवा केंद्र में पूजन सामग्री के साथ रामदेव बाबा के आश्रम में निर्मित उपयोगी सामग्री तथा गीता प्रेस, गोरखपुर की धार्मिक एवं आध्यात्मिक पुस्तकें भी उपलब्ध रहेंगी।

श्री सप्तदेव मंदिर ट्रस्ट परिवार ने कोरबा एवं आसपास के श्रद्धालुओं से परिवार सहित जन्माष्टमी उत्सव में शामिल होने और भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।