छत्तीसगढ़ में आयुष्मान कार्ड से कैशलेश इलाज पर संकट, 1 सितंबर से प्राइवेट अस्पतालों में सेवा बंद

रायपुर । छत्तीसगढ़ में आयुष्मान भारत योजना के तहत कैशलेश इलाज की सुविधा पर बड़ा संकट मंडरा रहा है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने ऐलान किया है कि 1 सितंबर 2025 से प्रदेश के निजी अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड के जरिए कैशलेश इलाज की सुविधा बंद कर दी जाएगी। यह फैसला लंबे समय से अस्पतालों को योजना के तहत किए गए इलाज के भुगतान में देरी के कारण लिया गया है।

IMA के अनुसार, पिछले छह महीनों से निजी अस्पतालों को आयुष्मान योजना के तहत किए गए इलाज का भुगतान नहीं मिला है। इस वित्तीय संकट के चलते अस्पतालों ने कैशलेश इलाज की सुविधा को जारी रखने में असमर्थता जताई है।

इस फैसले का सबसे अधिक असर उन गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ेगा, जो आयुष्मान कार्ड के माध्यम से मुफ्त या कैशलेश इलाज का लाभ उठाते रहे हैं।

प्रदेश में आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए यह खबर चिंता का विषय बन गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि राज्य सरकार इस मुद्दे पर जल्द ही IMA के साथ चर्चा कर कोई समाधान निकालेगी, ताकि मरीजों को होने वाली असुविधा को रोका जा सके।