कोरबा जिले के पुलिस लाइन में छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज 222 प्रकरणों में जप्त 2,045 लीटर अवैध शराब का विधिवत नष्टीकरण किया गया। नष्ट की गई शराब में 1,048.91 लीटर महुआ शराब, 334.76 लीटर देशी शराब, 421 लीटर अंग्रेजी शराब और 13 बियर शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 11 लाख रुपये है। सबसे अधिक 73 प्रकरण थाना पाली और 33 प्रकरण थाना कोतवाली से संबंधित हैं, जबकि शेष प्रकरण जिले के अन्य थानों से प्राप्त हुए हैं।
यह कार्रवाई कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कोरबा द्वारा गठित समिति की उपस्थिति में पूरी की गई। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल से प्राप्त प्रमाण-पत्र के आधार पर नष्टीकरण प्रक्रिया को पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप और पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न किया गया। इस दौरान पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले जून 2025 में कोरबा जिले में 9,911 लीटर महुआ, देशी और विदेशी शराब, 852 लावारिस वाहनों की नीलामी और 652 विसरा प्रकरणों का नष्टीकरण किया जा चुका है।
इस तरह की कार्रवाइयों से थानों में वर्षों से संग्रहित अनुपयोगी जप्त सामग्री के व्यवस्थित निपटान में मदद मिली है। यह न केवल कानूनी प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करता है, बल्कि थाना परिसरों में स्वच्छता, स्थान की उपलब्धता और सुव्यवस्था बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है।
जिला पुलिस ने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाइयां भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगी, ताकि थानों को स्वच्छ, व्यवस्थित और उत्तरदायी बनाया जा सके। इससे पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए कार्यस्थल को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

