पाली तानाखार में महतारी सदन निर्माण को मंजूरी, विधायक तुलेश्वर मरकाम की मांग पूरी

कोरबा। जिले के पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र के विधायक तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम की सक्रियता और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने एक बार फिर क्षेत्र में विकास की राह खोली है।

विधायक मरकाम ने हाल ही में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री व पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा को पत्र लिखकर कोरबी और चैतमा में एक-एक महतारी सदन निर्माण की मांग की थी। उनकी यह मांग शासन द्वारा स्वीकार कर ली गई है, और कोरबा जिले में कुल 8 महतारी सदनों के निर्माण को मंजूरी मिली है, जिसमें कोरबी और चैतमा शामिल हैं।

छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी सदन योजना के तहत पूरे प्रदेश में 166 महतारी सदनों के निर्माण को मंजूरी दी गई है।

इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना, सामुदायिक समरसता को बढ़ावा देना, और महिलाओं के लिए एक साझा मंच प्रदान करना है। इन सदनों में कमरे, बरामदा, हाल, किचन, स्टोररूम, पेयजल के लिए ट्यूबवेल, और सामुदायिक शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

विधायक तुलेश्वर मरकाम ने इस मंजूरी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “कोरबी और चैतमा में महतारी सदन के निर्माण से क्षेत्र की महिलाओं को सशक्तिकरण के लिए एक मजबूत मंच मिलेगा। यह योजना महिलाओं को सामुदायिक गतिविधियों में भाग लेने और आत्मनिर्भर बनने में मदद करेगी।”

महतारी सदन योजना के तहत बनने वाले ये सामुदायिक भवन ग्रामीण महिलाओं को न केवल एकत्रित होने का अवसर देंगे, बल्कि सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कोरबा जिले में 6 अन्य स्थानों पर भी महतारी सदन निर्माण की मंजूरी मिली है, जो क्षेत्र के विकास और महिलाओं के उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान देगी।