कोरबा शहर के कोसाबाड़ी चौक से ब्लू बर्ड स्कूल के सामने होते हुए निहारीका और सुभाष चौक तक सड़क किनारे नगर पालिका निगम द्वारा लगाई गई लोहे की रेलिंग की चोरी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।
असामाजिक तत्वों और कबाड़ियों द्वारा रात के अंधेरे में इन रेलिंग्स को तोड़कर चुराया जा रहा है, जिससे शहर की खूबसूरती और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा है।
हैरानी की बात यह है कि यह मुख्य मार्ग सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है, जहां से न केवल नगर पालिका निगम के अधिकारी और कर्मचारी, बल्कि नेता, मंत्री, महापौर, पार्षद, आईएएस, आईपीएस अधिकारी और पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी दिन-रात गुजरती है, फिर भी चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं।
नगर पालिका निगम द्वारा शहर के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए लाखों-करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन चोरों द्वारा रेलिंग्स को चुराकर औने-पौने दाम में बेचा जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निगम के अधिकारी इस मामले में पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज करने से बच रहे हैं। नगर पालिका निगम के आयुक्त से हुई बातचीत में उन्होंने कहा था कि जनता को सामने आना होगा और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, यह बातचीत लगभग एक महीने पुरानी है, और अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
शहरवासियों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि पुलिस और निगम की निष्क्रियता के कारण चोर बेखौफ होकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। सवाल उठ रहे हैं कि क्या पुलिस कबाड़ियों और चोरों को संरक्षण दे रही है? शहर के बीचो-बीच खुलेआम हो रही चोरी से अन्य क्षेत्रों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि नगर पालिका निगम के आयुक्त को कड़ा निर्देश जारी करना चाहिए कि शासकीय संपत्ति की चोरी या नुकसान के मामले में तत्काल संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज की जाए।
साथ ही, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, अन्यथा निगम के अधिकारियों के खिलाफ भी कठोर कदम उठाए जाएं। यह कदम ही सार्वजनिक संपत्ति को चोरी से बचा सकता है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

