जेल से कैदी फरार, पुलिस पर हमला: सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर सवाल

रायपुर।केंद्रीय जेल रायपुर से गुरुवार को एनडीपीएस एक्ट के तहत सजा काट रहे कैदी चंद्रवीर सिंह के फरार होने की सनसनीखेज घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वर्ष 2021 से जेल में बंद चंद्रवीर सिंह ने सख्त सुरक्षा के बावजूद जेलकर्मियों को चकमा देकर भागने में सफलता हासिल की।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर 2:00 से 2:30 बजे के बीच चंद्रवीर सिंह सहित पांच कैदियों को जेल परिसर में महिला जेल के पास निर्माणाधीन हिस्से में वेल्डिंग कार्य के लिए ले जाया गया था। इसी दौरान चंद्रवीर मौके से फरार हो गया।

जेल प्रशासन ने तत्काल तलाश शुरू की, लेकिन सफलता न मिलने पर गंज थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य संभावित स्थानों पर कैदी की तलाश शुरू कर दी है। उसकी फोटो भी जारी की गई है।

धरसीवां में शराब बेचने वालों ने पुलिस पर किया हमला

एक अन्य घटना में, रायपुर के धरसीवां थाना क्षेत्र के सिलयारी चौकी अंतर्गत पुलिस पर हमले का मामला सामने आया है। 19 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस बल ग्राम कुरूद में अवैध शराब बिक्री की जांच के लिए पहुंचा था। इस दौरान गजेंद्र घृतलहरे, मनोज घृतलहरे, मोनिका और उनके परिवार के अन्य लोगों ने पुलिस दल को घेर लिया।

आरोप है कि आरोपितों ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली- गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और मारपीट की।

इस हमले में प्रधान आरक्षक हरीशचंद्र बंजारे के हाथ में चोट आई, जबकि आरक्षक टापलाल पठारी और महिला कोटवार रानी मानिकपुरी भी जख्मी हुईं। रानी मानिकपुरी को मोनिका द्वारा थप्पड़ मारा गया। पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इन घटनाओं ने रायपुर में सुरक्षा और कानून व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल उठाए हैं।