कोरबा। आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने बीसीपीपी कालोनी की समस्याओं को लेकर एनटीपीसी व बालको प्रबंधन के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि कालोनी में रह रहे नागरिकों का हक है कि उन्हें आवश्यक मूलभूत सुविधाएं मिले, अत: वहॉं की समस्याओं को दूर करने, नियमित साफ-सफाई कराने व उचित प्रबंधन किए जाने का कार्य प्रतिष्ठान करें।
यहॉं उल्लेखनीय है कि एनटीपीसी कालोनी कृष्णाविहार में बालको की बीसीपीपी कालोनी स्थित है, जहॉं पर नियमित साफ-सफाई, कचरे का संग्रहण आदि का कार्य नहीं हो रहा, साथ ही वहॉं पर अन्य समस्याएं भी व्याप्त हैं, इसकी जानकारी प्राप्त होने पर विगत दिनों महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने भी बीसीपीपी कालोनी का दौरा कर वहॉं की समस्याएं देखी थी तथा निराकरण के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए थे।
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने भी बीसीपीपी कालोनी का दौरा किया, मेयर इन काउंसिल सदस्य एवं वार्ड पार्षद अजय कुमार चन्द्रा व निगम अधिकारियों के साथ कालोनी का भ्रमण करते हुए समस्याओं का जायजा लिया।
इस संबंध में एनटीपीसी व बालको प्रबंधन की बैठक बुलाई। बैठक में आयुक्त ने कहा कि कालोनी में रह रहे नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं मिलनी चाहिए, कालोनी में साफ-सफाई का बेहद अभाव है। एनटीपीसी के अधिकारियों ने कहा कि उक्त कालोनी में 360 आवासगृह स्थित हैं, जिनमें पानी, बिजली व सीवर संबंधी कार्यो के लिए उन्हें बालको प्रबंधन से राशि मिलती है तथा यह कार्य हम करते हैं, किन्तु कालोनी की नियमित साफ-सफाई, कचरे का संग्रहण व अपशिष्ट का प्रबंधन का कार्य बालको प्रबंधन का है, अत: बालको इस कार्य को करें।
आयुक्त ने बालको प्रबंधन से कहा कि वे अपने दायित्व को निभाएं तथा साफ-सफाई के नियमित कार्य हों, कचरे का उचित प्रबंधन हो, डोर-टू-डोर अपशिष्ट संग्रहण की व्यवस्था हो, वहॉं पर गार्डन भी है, जो उजाड़ स्थिति में है, उसकी हालत सुधरनी चाहिए, अत: बालको प्रबंधन इस दिशा में कार्य करें।
बालको प्रबंधन के अधिकारियों ने कहा कि कालोनी की एक बार सम्पूर्ण सफाई का कार्य कराने के साथ ही वहॉं पर नियमित सफाई कार्य व कचरा प्रबंधन पर हम कार्य करेंगे किन्तु कचरा डम्पिंग की समस्या वहॉं पर रहेगी, इस पर एनटीपीसी प्रबंधन ने कचरा डम्पिंग की समस्या पर विचार करने का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान अपर आयुक्त विनय मिश्रा, बालको के एक्सटर्नल अफेयर हेड कुशाग्र कुमार, एनटीपीसी के एजीएम शशिशेखर, बालको के लैण्ड एण्ड लीगल टीम हेड प्रमोद नायक, एनटीसीसी के सीनियर मैनेजर शशांक झाजेड, निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.संजय तिवारी, जोन कमिश्नर तपन तिवारी आदि उपस्थित थे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

