कानफोड़ू साइलेंसर पर यातायात पुलिस की सख्त कार्रवाई, 3.32 लाख रुपये का जुर्माना वसूला

कोरबा। कोरबा जिले में ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए यातायात पुलिस ने मॉडिफाई साइलेंसर वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चले इस अभियान में 121 वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए 3,32,500 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।

यातायात पुलिस ने मॉडिफाई साइलेंसर जब्त किए और वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी। यातायात एएसआई मनोज राठौर ने नागरिकों से अपील की कि वे मॉडिफाई साइलेंसर का उपयोग न करें, क्योंकि यह ध्वनि प्रदूषण का प्रमुख कारण है। साथ ही, उन्होंने मोटरसाइकिल चालकों से हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने का आग्रह किया।

इस अभियान के तहत पुलिस ने ऑटो पार्ट्स दुकानों और गैरेजों पर भी छापेमारी की, जहां मॉडिफाई साइलेंसर की बिक्री हो रही थी।

कार्रवाई के दौरान एएसपी नितीश ठाकुर और यातायात निरीक्षक तेजकुमार यादव के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने प्रभावी कदम उठाए।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि ध्वनि प्रदूषण और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।