आम आदमी पार्टी की नई रणनीति: मजबूत संगठन और स्वतंत्र चुनावी मुकाबला

कोरबा।आम आदमी पार्टी (AAP) छत्तीसगढ़ में अपनी राजनीतिक उपस्थिति को मजबूत करने के लिए नए सिरे से रणनीति बना रही है। दिल्ली विधानसभा के उप नेता और विधायक मुकेश अहलावत ने सोमवार को कोरबा के प्रेस क्लब तिलक भवन में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि पार्टी का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक जिले में एक सशक्त संगठन खड़ा करना है। इसके लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया जा रहा है और जिला स्तर पर कार्यकर्ताओं की बैठकें आयोजित की जा रही हैं।

स्वतंत्र रूप से लड़ेगी चुनाव

अहलावत ने स्पष्ट किया कि आगामी चुनावों में आम आदमी पार्टी किसी भी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन का हिस्सा बनने के कारण पार्टी छत्तीसगढ़ में चुनाव नहीं लड़ पाई थी, जिससे कार्यकर्ताओं में निराशा फैली और पार्टी की गतिविधियां कमजोर पड़ गई थीं। अब पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल के निर्देश पर छत्तीसगढ़ में संगठन को फिर से सक्रिय किया जा रहा है।

संगठन को मजबूत करने का अभियान

अहलावत ने बताया कि वे स्वयं प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा कर कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं। पार्टी की योजना जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपकर एक मजबूत संगठन तैयार करने की है। उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छ राजनीति जैसे मुद्दों पर आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ की जनता का विश्वास जीतने में सफल होगी।

जनता के लिए नया विकल्प

अहलावत ने दावा किया कि आने वाले चुनावों में आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ की जनता के सामने एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का फोकस जन-केंद्रित मुद्दों पर रहेगा और कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनता तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

आम आदमी पार्टी की यह नई रणनीति छत्तीसगढ़ की राजनीति में नया रंग ला सकती है, क्योंकि पार्टी अब पूरे दमखम के साथ चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में है।