पूर्व परिचित समेत दो पर हत्या का आरोप, एक आरोपी गिरफ्तार; दूसरे की तलाश जारी
कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के वन्य ग्राम डूमरमुड़ा स्थित सागौन बाड़ी में शनिवार को एक महिला की अर्धनग्न और अधजली लाश मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर उसे कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सुरक्षित रखवाया।
प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने मृतका की पहचान ग्राम अमलडिहा निवासी करीब 45 वर्षीय महिला के रूप में की है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दूसरे साथी की तलाश जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए रविवार को पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितीश ठाकुर, एसडीओपी विजय राजपूत, फोरेंसिक विशेषज्ञ डॉ. सत्यजीत कोसरिया और थाना प्रभारी एमबी पटेल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मौके से महिला की टूटी चूड़ियां और कुछ रुपये बरामद किए गए।
चेहरे पर कपड़ा रखकर जलाया शव
पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतका की पहचान करना था। महिला का चेहरा कपड़े से ढककर आग लगा दी गई थी, जिससे चेहरा बुरी तरह झुलस गया था। पुलिस ने आसपास के गांवों में गुमशुदगी की जानकारी जुटाई। इसी दौरान ग्राम अमलडिहा की एक महिला के शुक्रवार रात से लापता होने की जानकारी मिली। जांच और परिजनों से पुष्टि के बाद शव की पहचान की गई।
अंतिम बार दो युवकों के साथ दिखी थी महिला
जांच में पता चला कि मृतका चरवाहे का काम करती थी और अक्सर मवेशियों को चराने जंगल की ओर जाती थी। पुलिस ने उसके संपर्क में रहने वाले लोगों और संदिग्धों की जानकारी जुटाई। जांच के दौरान ग्राम अमलडिहा निवासी किरण कुमार पटेल और अजय कुमार धनवार के नाम सामने आए। दोनों को घटना से पहले महिला के साथ देखे जाने की जानकारी मिली थी। घटना के बाद दोनों फरार हो गए थे।
तकनीकी साक्ष्यों के सामने आरोपी ने कबूला अपराध
पुलिस ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर किरण कुमार पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में उसने घटना में संलिप्तता से इनकार किया, लेकिन पुलिस द्वारा उपलब्ध साक्ष्यों के संबंध में गहन पूछताछ किए जाने पर उसने घटना में शामिल होना स्वीकार कर लिया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि घटना वाले दिन दोनों आरोपी महिला को घटनास्थल की ओर ले गए थे। वहां शराब पीने के बाद विवाद हुआ। पुलिस का दावा है कि शारीरिक संबंध बनाने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट की और उसकी हत्या कर दी। बचने के प्रयास में महिला की चूड़ियां टूट गईं।
साक्ष्य मिटाने पेट्रोल डालकर जलाया
पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से महिला के चेहरे पर कपड़ा रखकर पेट्रोल डाला और आग लगा दी। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
मामले में थाना कटघोरा में अपराध क्रमांक 296/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में अपराध दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत पेश किया गया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है। जांच के दौरान सामने आए अन्य तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
