लूटपाट का आरोपी दीपक मरावी गिरफ्तार, मोटरसाइकिल और नगदी बरामद

कोरबा। बालकोनगर थाना पुलिस ने रात्रि में लूटपाट करने वाले आरोपी दीपक मरावी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और 700 रुपये नगद भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, चन्द्रभवन यादव अपने दोस्तों दिलबोध यादव और सरवन सिंह के साथ स्कूटी से पॉलीटेक्निक कॉलेज रूमगड़ा के पेट्रोल पंप जा रहे थे। रास्ते में हवाई पट्टी गुप्ता होटल मोड़ के पास 7-8 अज्ञात युवकों ने तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर उन्हें रोका और मारपीट कर लूटपाट की।

लुटेरों ने चन्द्रभवन से 1500 रुपये नगद, सरवन सिंह से रेडमी 9 प्राइम मोबाइल और 1200 रुपये नगद, तथा दिलबोध यादव से 3000 रुपये नगद लूट लिए। मारपीट में तीनों को चोटें भी आईं।

घटना के दौरान एक हमलावर का चेहरा खुल गया, जिसे पीड़ितों ने दीपक मरावी, प्रगतिनगर दर्री निवासी, के रूप में पहचाना।

पुलिस ने विवेचना के दौरान दीपक मरावी को हिरासत में लिया और पूछताछ की। उसके कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (क्रमांक सीजी-12-बीएन-8392) और 700 रुपये नगद बरामद किए गए।

अपराध अजमानतीय होने के कारण दीपक मरावी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।